दिल्ली सहारनपुर हाईवे स्थित किवना मोड़ के समीप हुई दो कारों की जोरदार भिड़ंत के बाद मौके प र पह
कांधला (शामली)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित किवाना मोड़ के पास दो कारों की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें शामली रेलवे अस्पताल के चीफ फार्मासिस्ट राकेश कुमार (45) की मौत हो गई। वह हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर निवासी थे। दूसरी कार में सवार गंभीर रूप से घायल भनेड़ा जट निवासी अजय बालियान को मेरठ रेफर कर दिया गया।
शनिवार की देर शाम दिल्ली हाईवे पर किवाना मोड़ के पास दो कारों की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिनमें शामली रेलवे अस्पताल के चीफ फार्मासिस्ट राकेश कुमार और दूसरी कार में भनेड़ा जट के निवासी अजय बालियान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों कार खुद चला रहे थे। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने रेलवे के चीफ फार्मासिस्ट राकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना दोनों के परिजनों को दी। गंभीर हालत में अजय बालियान का मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद राकेश कुमार का शव उनके परिजनों को सौंप दिया है।
रेलवे स्टेशन मास्टर इकराम अली ने बताया कि रेलवे अस्पताल शामली में तैनात चीफ फार्मासिस्ट राकेश कुमार यहां अकेले रहते थे। उनके परिजन सूचना मिलने पर हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) से पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर चले गए हैं। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।