शामली। पुलिस ने कस्बा बनत में एक सप्ताह पहले मुस्तफा की हत्या करने में वांछित 20-20 हजार रुपये के इनामी दो आरोपी भाइयों को गिरफ्तार किया है।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के कस्बा बनत के मोहल्ला रैदासपुरी में 23 मार्च की रात को घर में सोते हुए 65 वर्षीय मुस्तफा की सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर दी थी। इस घटना की रिपोर्ट मृतक के पुत्र नसीम की तरफ से तीन भाईयों आसिफ, कासिफ और दानिश निवासी मोहल्ला संजय नगर बनत के विरुद्ध दर्ज कराई थी। नसीम ने पुलिस को बताया था कि उस रात में आरोपी तीनों भाइयों का कस्बे के बिलाल के साथ विवाद हो रहा था, जिसमें उसके पिता मुस्तफा ने बीच-बचाव कराकर घर भेज दिया था। इसी बात को लेकर तीनों भाइयों ने उसके पिता की रात में हत्या कर दी थी। एसएसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि बुजुर्ग की हत्या के आरोप में तीनों भाई फरार चल रहे थे। उन पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शुक्रवार को थाना आदर्श मंडी पुलिस ने बुजुर्ग की हत्या में फरार चल रहे आसिफ व कासिफ को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरा आरोपी भाई दानिश अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। गिरफ्तार दोनों भाईयों का पुलिस ने चालान कर दिया।