शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने 15 दिन पहले दो दुकानों से नकदी व सामान चोरी करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16 हजार रुपये नकद और कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए दोनों आरोपी किरयाना की दुकान पर काम करते थे।
शहर में शिव चौक के निकट पांच अगस्त की रात को सुरेंद्र अरोड़ा की रेडिमेट गार्मेंट्स की दुकान और मंडी जवाहर गंज गेट स्थित सुरेशचंद की दुकान से चोरों ने छत के रास्ते सेंध लगाकर नकदी व कपड़े चोरी कर लिए थे। पुलिस ने व्यापारियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सीओ सिटी श्याम सिंह ने बताया सोमवार को कोतवाली पुलिस ने दोनों दुकान में चोरी करने के आरोप में नितेश निवासी गांव बुटाराड़ी व निखिल निवासी गांव पंजोखरा थाना कांधला को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के 16 हजार रुपये और गार्मेंट्स की दुकान से चोरी हुए कपड़े बरामद हुए हैं। सीओ ने बताया कि पकड़ा गया एक आरोपी निखिल सुरेश जैन की दुकान पर काम करता था। घटना से दो तीन दिन पहले ही उसने काम छोड़ दिया, जबकि दूसरा आरोपी नितेश भी मौजूदा समय में दुकान पर ही काम कर रहा था। दोनों को दुकान में रकम रखी होने की जानकारी थी। इसलिए दोनों ने मिलकर चोरी करने की योजना बनाई। किरयाना की दुकान में चोरी करने के बाद उन्होंने कपड़े की दुकान को निशाना बनाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर चालान कर दिया।