शामली। जिले में क्षय रोग पर नियंत्रण नहीं पाया जा रहा है। लगातार क्षय रोग के नए केस सामने आ रहे हैं। सैंपलों की जांच में क्षय रोग के पांच नए मरीज मिले हैं। जिले में अब क्षय रोगियों की संख्या बढ़कर 1968 हो गई है। सभी मरीजों का सरकारी अस्पतालों में निशुल्क उपचार चल रहा है।
इस बार 15 जुलाई को शिवरात्रि होने और 16 को रविवार होने के कारण इस महीने में 17 जुलाई को सीएचसी, पीएचसी समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर निक्षय दिवस मनाया गया। इस दिन जिले में लगभग 4168 मरीजों की ओपीडी हुई थी, जिनमें क्षय रोग के संदिग्ध लक्षण वाले 394 मरीज मिले थे। इन मरीजों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए थे। क्षय रोग कार्यक्रम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक राहुल त्यागी ने बताया कि सैंपलों की जांच में क्षय रोग के पांच नए मरीज मिले हैं। जबकि सात सैंपल सीनेट मशीन से जांच के लिए भेजे गए हैं। उनकी अभी रिपोर्ट नहीं आई है। जिले में अब क्षय रोगियों की संख्या बढ़कर 1968 हो गई है।
उन्होंने कहा कि किसी मरीज में क्षय रोग के लक्षण दिखाई देते हैं तो वे तत्काल सरकारी अस्पताल में जाकर जांच कराएं और समय पर उपचार कराएं। समय पर उपचार कराने से क्षय रोग पूरी तरह से ठीक हो जाता है। अगर जांच व इलाज में लापरवाही बरती जाती है तो यह रोग घातक भी हो सकता है।