- आजादी के जश्न पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंडल के शामली और बागपत के डाकघरों में 14 अगस्त तक होगी तिरंगे की बिक्री
- 45 हजार तिरंगे झंडे बेचने का दिया गया है लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। पिछले साल की तरह इस साल भी डाक विभाग लोगों को मात्र 25 रुपये में तिरंगा उपलब्ध कराएगा। इसके लिए मंडल के शामली और बागपत के 34 डाकघरों में तिरंगे की बिक्री शुरू कर दी गई है। मात्र 25 रुपये में लोगों को तिरंगा मिल सकेगा। ऑनलाइन भी तिरंगे की बुकिंग कराई जा सकेगी। डाकिया घर पर ही तिरंगे को देकर जाएगा। डाक विभाग के अधिकारी योजना का प्रचार प्रसार करने में भी लगे हुए हैं। मंडल को 45 हजार तिरंगे बेचने का लक्ष्य दिया गया है। 14 अगस्त तक शामली और बागपत के 34 डाकघरों में तिरंगे झंड़े की बिक्री की जाएगी, ताकि घर- घर तिरंगा पहुंच सके।
सरकार ने इस बार भी आजादी के जश्न पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम को और भी भव्य बनाने के लिए पोस्टल डिपार्टमेंट को जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि, राष्ट्रीय ध्वज को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाया जा सके। पिछले साल भी भारत सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव के सहयोग में हर घर तिरंगा अभियान चलाया था। फिर डाक विभाग ने इस अभियान को अंतिम छोर तक पहुंचाया।
45 हजार तिरंगों को बेचने का टारगेट
इसके लिए डाक विभाग की ओर से 14 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा। इसके लिए शामली मंडल पोस्ट आफिस में गाइडलाइन जारी कर दी गई है। डाक विभाग के मंडल अधीक्षक बीएल मीणा ने बताया कि शामली और बागपत के 34 डाकघरों में 45 हजार तिरंगे बेचने का लक्ष्य दिया गया है। तिरंगा 20 इंच x 30 इंच का होगा। ऑनलाइन बुकिंग करने वालों को उनके घर तक पहुंचाने में पोस्टमैन का अहम रोल होगा।
ऑनलाइन तिरंगे की यहां करें बुकिंग
मंडल अधीक्षक के अनुसार ऑनलाइन बुकिंग के अलावा लोग अपने नजदीकी डाकघर से भी झंडे की खरीदारी कर सकते हैं। इसके अलावा डाक विभाग की ई-पोस्ट ऑफिस सुविधा (www.epostoffice.gov.in) के जरिए भी राष्ट्रीय ध्वज खरीदा जा सकेगा।
यहां करें बुकिंग
प्रक्रिया को और अधिक सुलभ बनाने के लिए, व्यक्ति आधिकारिक वेबसाइट www.epostoffice.gov.in के माध्यम से तिरंगे का ऑनलाइन ऑर्डर भी कर सकते हैं ।
शामली जिले के इन डाकघरों में मिलेगा तिरंगा झंडा
कैराना , शामली, एलम, कांधला, झिंझाना, ऊन, थानाभवन, जलालाबाद, बाबरी, शामली के मुख्य डाकघर, शामली मंडी, गन्ना समिति शामली, बड़ा बाजार शामली, काका नगर शामली।
अलग से काउंटर लगवाए गए
मंडल डाक अधीक्षक बीएल मीणा ने बताया कि तिरंगा की बिक्री के लिए सभी डाकघरों में अलग से काउंटर लगाए गए हैं। सभी पर अलग से कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। जिन्हें लापरवाही नहीं करने की हिदायत दी गई है। प्रयास रहेगा कि ग्राहकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाए।