शामली में झिंझाना रोड स्थित विवाह मंडप में आयोजित बाबा शाहमल तोमर बालिदान दिवस कार्यक्रम में गी?
- फोटो : SHAMLI
शामली। 1857 की क्रांति के महानायक बाबा शाहमल तोमर के बलिदान दिवस पर झिंझाना रोड पर विवाह मंडप में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बाबा शाहमल तोमर के वंशज समेत कई अन्य शहीदों के वंशज पहुंचे। शहीदों को याद कर उनके जीवन से प्रेरणा लेने पर बल दिया गया।
सूरजमल राष्ट्रीय जाट ट्रस्ट के तत्वावधान आयोजित कार्यक्रम सुबह के समय यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद बाबा शाहमल तोमर, महाराजा सूरजमल व शहीद मोहर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में पहुंचे भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि समाज के लोगों को एकजुट रहना होगा। आज की युवा पीढ़ी भटक गई है। युवाओं के कंधों पर ही समाज का बोझ है। यदि युवा पीढ़ी भटकती है, तो समाज बिखर जाता है। युवाओं को नशे सहित अन्य बुराइयों को दूर रखना होगा।
विचार गोष्ठी में समाज के शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। दहेज प्रथा पर अंकुश लगाने और मृत्यु भोज समेत अन्य कुरीतियों पर पाबंदी लगाने पर भी विचार किया गया। कार्यक्रम में बाबा शाहमल के वंशज चौधरी यशपाल सिंह तोमर, जम्मू के पूर्व मेयर मनमोहन सिंह, विधायक प्रसन्न चौधरी, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, सवित मलिक, प्रमेंद्र सिंह आदि ने भी विचार रखे। संचालन रविंद्र कालखंडे ने किया। गायक विक्की काजला, चौधरी वीरपाल राठी, बिजेंद्र सिंह, रविंद्र कालखंडे, रविंद्र तोमर, विनोद तोमर सभासद, धर्मवीर निर्वाल, प्रदीप मलिक, आशीष निर्वाल आदि मौजूद रहे।