शामली शहीद किसानो को श्रद्धांजलि देते सपा कार्यकर्ता
- फोटो : SHAMLI
शामली। लखीमपुर में हिंसा को एक माह पूरा होने पर समाजवादी पार्टी शामली ने लखीमपुर किसान स्मृति दिवस का आयोजन जिला कार्यालय पर किया।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता प्रो. सुधीर पंवार ने कहा कि कारपोरेट को लाभ पहुंचाने की जिद के कारण मोदी सरकार पिछले 11 महीने से किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन को अनदेखा कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों के दुख-सुख एक जैसे है, किसानों की विरोधी सरकार मजदूरों की भी विरोधी है। सभा की अध्यक्षता कर रहे जिला उपाध्यक्ष चौधरी धर्मवीर निर्वाल ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश के अनुसार दीपावली में अपने शहीद किसान भाइयों के लिए एक दिया जरूर जलाएं। प्रधान मांगेराम सिलावर व चौधरी जगपाल सिंह ने भी विचार रखे। संचालन सच्चू प्रधान, मादलपुर ने किया। इस अवसर पर किसानों की याद में दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ दो मिनट मौन धारण किया। मनीष नौनांगली, राजपाल बंतीखेड़ा, जगपाल सिंह, गंदेवडा, बिट्टू ताना, सलेक चंद, गोपाल कश्यप, नीरज पहलवान, बिट्टू सिलावर, जावेद जंग, संजीव राझड, दिनेश पंडित आदि उपस्थित रहे।