जलालाबाद (शामली)। ट्रेन चालक की सजगता से पटरी पर लेटा एक अधेड बाल-बाल बचा। दिल्ली से सहारनपुर को जाने वाली ट्रेन से कटने के लिए एक अधेड़ जलालाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर लेट गया। ट्रेन के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर किसी तरह अधेड़ की जान बचाई।
दिल्ली से चलकर सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 04521 जलालाबाद रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को दोपहर बाद लगभग 4ः15 बजे पहुची। इसके बाद यह ट्रेन जैसे ही स्टेशन से कुछ दूरी पर आगे चली तो एक अधेड़ रेलवे पटरी पर ट्रेन के आगे लेट गया। ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। अधेड़ से कुछ दूर पहले ही ट्रेन रोक ली गई। इस दौरान अधेड़ रेलवे पटरी से उठकर भाग खड़ा हुआ। इस दौरान लगभग 20 मिनट तक ट्रेन फाटक के निकट ही खड़ी रही। स्टेशन मास्टर और ट्रेन ड्राइवर ने वहां मौजूद यात्रियों व स्थानीय लोगों से उक्त अधेड़ के बारे में जानकारी की परंतु कोई जानकारी नहीं मिली।
स्टेशन मास्टर संजीव कुमार ने बताया कि ट्रेन रुकने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। परंतु पटरी पर लेटने वाले अधेड़ के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।