शामली। बारह दिन की कांवड़ यात्रा के बाद शनिवार को जिला प्रशासन के बैरियर हटा लिए गए। बैरियर हट जाने के बाद जिला मुख्यालय से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब समेत वेस्ट यूपी के सभी जिलों के लिए यूपी रोडवेज और प्राइवेट बसों का संचालन शुरू हो गया।
कांवड़ यात्रा के चलते पिछले 12 दिन से जिला प्रशासन की ओर से रूट डायवर्ट किया हुआ था। मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, हरिद्वार के लिए सहारनपुर रोड पर साईं धाम के पास अस्थायी रूप से संचालन किया जा रहा था। मेरठ के लिए शहर के बुढ़ाना रोड पर सिभालका से और दिल्ली रोड यूपी रोडवेज बस अड्डा से संचालित किया जा रहा था। बाद में ज्यादा कांवड़िये बढ़ने पर शामली से पानीपत, करनाल और शामली से कांधला तक निगम और प्राइवेट बसों का संचालन बंद कर दिया था।
शामली रोडवेज बस अड्डे के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजेंद्र चौहान ने बताया कि शनिवार को शामली से करनाल, पानीपत, मुजफ्फरनगर, मेरठ, दिल्ली, सहारनपुर जाने के लिए सवारियों की संख्या अधिक रही। अगले 24 घंटे में शामली डिपो की आय भी सामान्य हो जाएगी। यातायात अधीक्षक शिवकुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद सभी वाहनों का संचालन बहाल कर दिया गया है।
डीजल, पेट्रोल, गैस की आपूर्ति हुई बहाल
इंडेन गैस एजेंसी के वितरक संजय जैन, कुलदीप सिंह पाल का कहना है कि छह दिन बाद उनकी गैस सिलिंडराें से भरा ट्रक शनिवार को गोदाम पर आ गया है। कांवड़ यात्रा में अवकाश पर गए कर्मचारी ड्यूटी पर आ गए हैं। गैस वितरण कार्य में जुटे हैं। चौधरी पेट्रोल पंप के मालिक सूर्यवीर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा संपन्न के बाद डीजल-पेट्रोल के सभी ट्रक शुक्रवार की मध्य रात्रि पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए हैं।