अनावश्यक छापे का व्यापारी करेंगे विरोध
शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों ने जिले में खाद सुरक्षा एवं जीएसटी विभाग द्वारा आए दिन छापा मारने की कार्यवाही पर रोष प्रकट किया।
चार दिन पूर्व वाणिज्यकर विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से शहर के एक मिठाई विक्रेता पर छापे की कार्रवाई से शहर के व्यापारियों में रोष है। शुक्रवार को सुभाष चौक स्थित मंडल कार्यालय में हुई बैठक में पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने जिले के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि खाद सुरक्षा और जीएसटी विभाग अधिकारी त्योहारी सीजन में व्यापारियों के यहां अनावश्यक छापेमारी से बाज नहीं आए तो शनिवार से व्यापारी अधिकारियों का घेराव करेंगे। बाजार बंद करके डीएम को चाबी सौंप देंगे।
उन्होंने कहा कि दो साल की कोरोना महामारी के बाद दीपावली पर व्यापारियों को अच्छे व्यापार की उम्मीदें बंधी, तभी अधिकारियों ने व्यापारियों का उत्पीड़न शुरू कर दिया। अधिकारी निरंतर उत्पीड़न से बाज नहीं आए तो व्यापारी मजबूरन बाजार बंद करके चाबी डीएम जसजीत कौर को सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकारी सरकार को बदनाम करने पर लगे हैं। इस अवसर पर मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री सुभाष चंद्र धीमान, नगर अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, नगर महामंत्री रवि संगल, नगर कोषाध्यक्ष महेश धीमान, जिला महामंत्री राजेश सिंघल, सुखचैन वालिया, मनोज मित्तल, शिवम गर्ग, अमन गर्ग, गौरव गर्ग, पवन गोयल, आशु पुरी, नीरज सिंगल, राजेश जैन आदि व्यापारी मौजूद रहे।