- शेंपू व डिटर्जेंट पाउडर बनाने वाले व्यापारी ने एसडीएम को दिया शिकायती पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। दो व्यापारियों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि कुछ व्यक्ति जांच अधिकारी की तरह उनके गोदामों में घुसकर जांच करते हुए अवैध रूप से धनराशि की मांग करते हैं। व्यापारियों ने वैध कारोबार का हवाला देते हुए संबंधित कागजात भी एसडीएम को सौंप दिए। साथ ही कार्रवाई न होने पर पलायन करने की चेतावनी दी है।
आर्यपुरी निवासी साजिद मैसर्स सुभान फर्म और मोहल्ला रेतावाला निवासी करम इलाही मैसर्स केआई ट्रेडर्स के प्रोपराइटर हैं। दोनों ने मंगलवार को एसडीएम शिवप्रकाश यादव को अलग-अलग शिकायती पत्र दिया। बताया कि वह शैंपू, हेयर ऑयल आदि से संबंधित व्यापार करते हैं। आरोप है कि कुछ व्यक्ति बगैर किसी अधिकारी को साथ लिए उनके गोदाम में घुस जाते हैं और वहां पर जांच करते हैं। जिनकी सीसीटीवी कैमरे में फुटेज भी उनके पास है।
आरोप है कि कारोबार की एवज में उनसे अवैध धनराशि की मांग की जा रही है। जब रुपये नहीं दिए जाते हैं तो उन्हें धमकी देते हुए बदनाम करने के लिए उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जाता है। उनका शोषण किया जा रहा है, जिससे वह मानसिक तनाव में हैं। व्यापारियों ने अपने कारोबार से संबंधित कागजात भी एसडीएम को उपलब्ध कराए हैं। उनका कहना है कि उत्पीड़न के कारण उनका व्यापार करना मुश्किल हो गया है। वह पलायन को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने मामले में एसडीएम से कार्रवाई की गुहार लगाई है।