गढीपुख्ता। क्षेत्र के गांव मालैंडी निवासी चंचल का फाइल फोटो
- कांवड़ियें की मौत से परिजनों में मचा कोहराम, कुछ घंटे पहले ही हरिद्वार से जल लेकर आया था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
गढीपुख्ता। क्षेत्र के गांव मालैंडी में अनियंत्रित होकर पलटे ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह कुछ घंटे पूर्व ही हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गांव पहुंचा था। परिजनों के कहने पर वह खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गया था, लेकिन हादसे ने उसकी जिंदगी लील ली। युवक की मौत से जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पत्नी भी बेसुध हो रही है। गांव में भी शोक छाया हुआ है।
क्षेत्र के गांव मालैंडी निवासी 35 वर्षीय चंचल हरिद्वार कांवड़ लेने गया था। शनिवार की शाम करीब पांच बजे चंचल गंगाजल लेकर वापस अपने गांव लौटा था। इसी दौरान परिजनों ने उससे कहा कि गंगाजल चढ़ाने में अभी कुछ समय बाकी है इसलिए वह खेत से पशुओं के लिए चारा ले आए। चंचल ट्रैक्टर ट्राली लेकर अपने खेत की तरफ रवाना हुआ, लेकिन गांव के मोड पर अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक खाई में पलट गया, जिससे चंचल नीचे दब गया। आसपास मौजूद किसानों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को किसी तरह सीधा किया।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन व गढीपुख्ता पुलिस भी मौके पर पहुंची और आनन-फानन में युवक को उपचार के लिए गढीपुख्ता चिकित्सालय लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई न करने की बात कहने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।