शामली के आरके डिग्री कॉलेज में दाखिला करवाने के लिए छात्र-छात्राओं की लगी भीड़।
- फोटो : SHAMLI
पहली वरीयता सूची के आधार पर आज दाखिले का अंतिम दिन
शामली। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय से स्नातक की पहली वरीयता सूची जारी होने के दूसरे दिन आरके इंटर कॉलेज में 91 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया जबकि वीवी पीजी कॉलेज में 72 विद्यार्थियों के दाखिले हुए। कॉलेजों में सर्वर डाउन रहने के कारण ऑनलाइन दाखिले करने की गति बहुत धीमी रहने की समस्या बनी रही।
मां शाकंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर से स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए जारी पहली वरीयता सूची कॉलेजों में मंगलवार को नोटिस बोर्ड पर चस्पा की गई थी। पहले दिन किसी विद्यार्थी ने दाखिला नहीं लिया था। पहली वरीयता सूची के आधार पर दाखिले लेने के दूसरे दिन बुधवार को सुबह से ही शहर के दोनों कॉलेज आरके पीजी कॉलेज व वीवी पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों की भीड़ लगी रही। दोनों कॉलेजों में सर्वर डाउन रहने से ऑनलाइन विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेश कन्फर्म नहीं हो पाए। कॉलेजों में प्रवेश फार्म व फीस जमा कर ली गई। आरके कॉलेज के कार्यालय अधीक्षक सतेंद्र शर्मा ने बताया कि बीएससी बायो में 25 विद्यार्थियों के दाखिले हुए। बीएससी पीसीएम में 12, बीएसएसी पीएसएम में 30 और बीकॉम में 18 विद्यार्थियों ने दाखिले के लिए फार्म जमा कराए हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज में सर्वर डाउन रहने के कारण विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दाखिले के लिए डाटा फीड नहीं हो सका। विद्यार्थियों के प्रवेश फार्म जमा कर लिए गए हैं। डाटा फीडिंग का काम बाद में किया जाएगा।
उधर, वीवी पीजी कॉलेज में बीए में 67 और बीकॉम में पांच विद्यार्थियों के दाखिले हुए। इस कॉलेज में भी दिनभर सर्वर डाउन रहे। शाम को सीधे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर विद्यार्थियों का डाटा अपलोड किया गया। पहली वरीयता सूची के आधार पर बृहस्पतिवार को दाखिले लेने का अंतिम दिन है।