शामली। ऊर्जा निगम में कैराना, झिंझाना में बिना एस्टीमेट बिजली लाइन खींचने, कनेक्शन देने के नाम पर घोटाला करने के मामलों का अमर उजाला द्वारा खुलासा किए जाने के बाद डीएम भी हरकत में आ गए। डीएम रविंद्र सिंह ने ऊर्जा निगम के एसई और सभी एक्सईएन की बैठक ली। उन्होंने कहा कि विभाग में घोटाले करने वालों पर तुरंत शिकंजा कसें। बदनामी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अमर उजाला ने कैराना, झिंझाना में बिना एस्टीमेट लाइन खिंचवाने, ऊर्जा निगम में फर्जी भर्ती निकालने के मामलों का खुलासा किया था। लगातार कई दिन तक प्रमुखता के साथ खबरें प्रकाशित की गई। इस पर अधिकारियों को एक्सईएन रविंद्र प्रकाश, एसडीओ समेत तीन को निलंबित करना पड़ा, जबकि एसई का ट्रांसफर किया गया। एसई रामकुमार ने बताया कि डीएम ने बैठक लेकर अधिकारियों को फटकार भी लगाई। कहा कि विभाग की प्रतिष्ठा धूमिल करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करें। घोटाले या फिर अन्य कोई भी गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद एसई ने अपने कार्यालय पर मातहतों की बैठक लेकर चेताया। उन्होंने कहा अगर भविष्य में कोई गड़बड़ी मिलती है तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घोटाला या फिर रिश्वत लेने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।