कैराना। पुलिस ने बंद पड़ी एक फैक्टरी से चोरी की तीन बाइकें बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
शनिवार दोपहर पुलिस ने जगनपुर रोड स्थित बंद पड़ी एक फैक्टरी में चोरी की बाइकें होने की सूचना पर छापा मारा। पुलिस ने फैक्टरी में छिपाई गई चोरी की तीन बाइकें बरामद कीं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी सुधीर निवासी ग्राम भूरा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी सद्दाम निवासी ग्राम भूरा मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि बरामद की गई एक बाइक बिजनौर कोतवाली क्षेत्र से, एक बाइक शामली से तथा एक बाइक पानीपत से चोरी की है। आरोपी युवक बाइकों को कहीं बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपी सुधीर निवासी भूरा का चालान कर दिया जबकि फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।