शामली। जिले में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए चार हादसों में शिक्षक समेत तीन लोगों की मौत हो गई और तीन छात्रों व युवती समेत छह लोग घायल हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल हुए तीनों छात्र यूपी बोर्ड की हाई स्कूल की परीक्षा देने बाइक से जा रहे थे। घायल होने के कारण उनकी परीक्षा भी छूट गई। ये हादसे थाना आदर्श मंडी, बाबरी व झिंझाना थानाक्षेत्र में हुए हैं।
हादसा एक- दो बाइकों की टक्कर में तीन छात्र समेत पांच घायल
बाबरी। बाबरी थानाक्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी सावेज, अरमान व मुर्शीद सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए जिला मुजफ्फरनगर के तितावी थानाक्षेत्र के गांव लालूखेड़ी स्थित इंटर कॉलेज जा रहे थे। जब वे बाबरी थानाक्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे पर बुटराड़ा फ्लाईओवर के निकट पहुंचे तो सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। इस बाइक पर शामली के जाट कालोनी निवासी आकाश और शिवानी निवासी गांव जसोई थे। टक्कर लगने के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलाें को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर परिजन भी अस्तपाल पहुंचे और घायलों का उपचार कराने के बाद अपने साथ ले गए। बाबरी थाना प्रभारी का कहना है कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
हादसा दो- ट्रेलर से कुचलकर शिक्षक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
शामली। शहर के मोहल्ला रेलपार निवासी अंकुर शर्मा (30) कस्बा जलालाबाद के निजी स्कूल में शिक्षक थे। सोमवार दोपहर को वे बाइक द्वारा स्कूल से घर लौट रहे थे। शामली में एसटी तिराहा के निकट सामने से आ रहे ट्रेलर (ट्रक) की चपेट में आ गए और उसके पहिये के नीचे आकर कुचले गए। शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। शिक्षक के पास मिले स्कूल के आईकार्ड के आधार पर उनकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। शिक्षक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक अंकुर के पिता मुकेश शर्मा यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक के पद से कुछ समय पहले ही सेवानिवृत्त हुए हैं। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई एक कंपनी में बंगलुरू में कार्यरत है। मृतक के करीब दो साल का पुत्र है। पत्नी पारूल समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल बना है। आदर्श मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हादसा तीन- मिनी ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव गोहरनी निवासी राहुल कश्यप (22) सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे पैदल घर से खेत की तरफ जा रहा था। पोल्ट्री फार्म के सामने मिनी ट्रक की चपेट में आकर राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। युवक की मौत से परिजनों में गम का माहौल बन गया। परिजनों ने पुलिस से आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग की। थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। देर रात शव का दाह संस्कार कर दिया गया।
हादसा चार- हाईवे पर डिवाइडर से टकराई बाइक, बुजुर्ग की मौत, युवक घायल
झिंझाना। सोमवार शाम करीब साढ़े तीन बजे मेरठ-करनाल हाईवे स्थित गांव मन्नूगढ़ के पास करनाल की तरफ से आ रही बाइक संतुलन बिगड़ने के कारण डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर लगने पर पीछे बैठे व्यक्ति का सिर पहले डिवाइडर में लगा और उसके बाद सड़क पर गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। मृतक व्यक्ति की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड में उसका नाम वीरसैन पुत्र खजान सिंह के रूप में हुई। जबकि घायल का नाम राजकुमार पुत्र पाल्ला निवासी गांव सूप जनपद बागपत बताया गया। दोनों एक ही गांव के निवासी बताए गए हैं। बाइक पर दोनों सवार होकर हरियाणा के करनाल से घर लौट रहे थे। बिडौली चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना भिजवा दी गई है।