गैंगस्टर में वांछित दो आरोपियों सहित तीन गिरफ्तार
शामली। गैंगस्टर में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके अलावा गोकशी में फरार आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि सोमवार रात को थाना झिंझाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपी इरफान निवासी राणा माजरा थाना झिंझाना और फारूख निवासी गांव खुरगान थाना कैराना को गिरफ्तार किया है। एसपी के मुताबिक इरफान पर झिंझाना में हत्या के मामले में गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी, जबकि इरफान पर लूट, डकैती के मामलों में गैंगस्टर की कार्रवाई हुई थी। फारूख पर थाना झिंझाना, कैराना और जनपद सहारनपुर के थाना नकुड़ व गंगोह में लूट, डकैती, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट आदि के लगभग 13 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि इरफान पर थाना झिंझाना में दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपी गैंगस्टर के मुकदमे में फरार चल रहे थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। इसके अलावा झिंझाना पुलिस ने मंगलवार को सूचना के आधार पर गोकशी के आरोप में फरार चल रहे आरोपी इमरान निवासी टपराना को गिरफ्तार कर चालान किया गया है।