थानाध्यक्ष के नाम पर खाना खा रहे तीन गिरफ्तार
शामली, कांधला। थानाध्यक्ष के नाम पर होटल पर मुफ्त में खाना खाने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
कस्बे के मोहल्ला मौलवियान निवासी ओसामा का कस्बे के बाईपास मार्ग होटल है। बुधवार शाम तीन युवक होटल पर पहुंचे। इन्होंने खाना खाने के बाद होटल मालिक को थानाध्यक्ष का खाना पैक करने के लिए कहा और तीनों युवक बिना पैसे दिए चल दिए। होटल मालिक ने खाने के रुपये मांगे तो आरोप है कि तीनों युवकों ने अपने आप को पुलिस कर्मी बताते हुए रौब गालिब करने लगे। इस मामले की सूचना कार्यवाहक थानाध्यक्ष को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए तीनों युवकों ने अपने नाम सचिन, गौरव, संजीव निवासी भनेड़ा थाना कांधला बताया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों युवकों को शांति भंग में चालान किया गया है।