शामली। यातायात माह में वाहन के चालान से बचने के लिए लोग तमाम तरह के बहाने बना रहे हैं। बिना हेलमेट के कोई घर में मौत होने की बात कहकर बचना चाह रहा तो कोई तीन दिन बाद शादी होने की बात कही। पुलिस ने जब मोबाइल फोन पर उनके परिजनों से बात की तो उनकी झूठ की पोल खुल गई। पुलिस ने फटकारते हुए नसीहत दी और चालान काट दिया। संवाद
स्थान- पूर्वी यमुना नहर के पास
सर पापा की मौत हो गई, जल्दी में हेलमेट लेना भूल गया
पुलिस ने बाइक बिना हेलमेट के बाइक चालक को रोका तो उसने कहा कि सर मेरे पापा की मौत हो गई है। जल्दबाजी में बाइक लाते समय हेलमेट नहीं लेना भूल गया। पापा के शव का अंतिम संस्कार करना है, इसलिए प्लीज मुझे जाने दो। पुलिस ने बाइक सवार के पापा के मोबाइल पर कॉल की तो और पूछा कि जयविंदर का जानते हो, दूसरी तरफ से आवाज आई कि मैं रामबीर बोल रहा हूं, जयविंदर का पापा, बताइए क्या बात है। पुलिस ने युवक को फटकार लगाते हुए नसीहत दी और उसका चालाना काट दिया
सर मामी की मौत हो गई, जल्दी पहुंचना है
यहां पर पुलिस के चार जवान वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। एक बाइक पर सवार तीन युवकों को रोक लिया गया। दिल्ली रोड निवासी सचिन नाम के युवक ने कहा कि उसकी मामी की मौत हो गई है। वह मामी के अंतिम संस्कार में जा रहे है। जल्दी पहुंचना है। पुलिसकर्मी ने सचिन के पापा के मोबाइल फोन पर बात कर सच्चाई जानी तो उन्होंने ऐसी किसी मौत से इनकार कर दिया। पुलिस ने युवक को नसीहत दी और तीन को बैठाने पर एक हजार का चालान किया
स्थान- बुढ़ाना रोड
दादी के अंतिम संस्कार के लिए सामान लेने जा रहा हूं
यहां पर एक युवक बिना हेलमेट लगाए रोक लिया। युवक ने खुद को गोहरनी निवासी अनुज बताया। कहा कि उसकी दादी की मौत हो गई है। वह अंतिम संस्कार के लिए सामान लेने के लिए जा रहा है। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि अनुज के परिवार में किसी की मौत नहीं हुई। दादी घर पर आराम कर रही है। पुलिस ने बाइक का चालान कर दिया।
स्थान- पूर्वी यमुना नहर के पास
मेरी दो दिन बाद शादी है, सर चालान ना करो
स्कूटी सवार को पुलिस ने रोका तो युवक ने खुद को बीए का छात्र समीर बताया। कहा कि उसकी दो दिन बाद शादी है। जल्दबाजी में वह हेलमेट लाना भूल गया। पुलिस ने समीर के घर पर बात की तो पता चला कि समीर की कोई शादी नहीं है। वह चालान से बचने को बहाना बना रहा है।
टीएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि यातायात माह के दौरान पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया हुआ है। जिसके तहत यातायात नियमों का उल्लंघन जिसके तहत अब तक कुल 917 वाहनों के चालान किए गए हैं। जिनमें सबसे अधिक संख्या बिना हेलमेट लगाने वाले दुपहिया वाहन सवार 427 शामिल है।
यातायात माह के दौरान पुलिस द्वारा किए गए चालान...
बिना हेलमेट 427
तीन सवारी 189
बिना सीट बेल्ट 76
वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग 16
नो पार्किंग 37
यातायात नियम उल्लंघन 42
बिना डीएल 5
बिना बीमा 18
दोषपूर्ण नंबर प्लेट 42
रांग साइड 9
प्रेशर हॉर्न 18
वायु प्रदूषण 31
माल वाहक वाहन में सवारी बैठाना 1
नो एंट्री 5
अवैध नाम व पद नाम पट्टिका 1
नोट : ब्योरा यातायात पुलिस से लिया गया है।
हर साल करीब 250 लोग समा जाते हैं काल के गाल में
यातायात पुलिस के अनुसार, हर साल करीब 250 लोग यातायात नियमों का पालन नहीं करने के कारण मौत के मुंह में समा जाते हैं, जबकि 400 सो अधिक लोग घायल होते हैं। सड़क हादसों की चपेट में आने वाले सबसे अधिक हेलमेट नहीं लगाने वाले चालक होते हैं।
वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन जरूर करना चाहिए। अधिकतर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन ही हादसे का प्रमुख कारण होता है। लोगों को अभियान चलाकर भी नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। स्कूल कॉलेजों में भी अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से अपील है कि हर हाल में नियमों का पालन कर खुद की जान बचाएं।
अभिषेक, एसपी शामली