शामली। मुफ्त बिजली योजना का लाभ जिले के उन किसानों को ही मिल सकेगा, जिनके नलकूपों पर बिजली मीटर लगाए गए हैं। जिले में सिर्फ तीन हजार 46 किसानों ने ही नलकूपों पर बिजली मीटर लगवाए हुए हैं। अब नए आदेश के बाद किसानों ने बिजली मीटर के लिए बिजलीघरों में आवेदन करना शुरू कर दिया है। जिले के किसानों पर ऊर्जा निगम का 151 करोड़ रुपये बकाया है।
जिले में 2 लाख 71 हजार बिजली उपभोक्ता है, जिनमें से करीब 34 हजार किसान है। हाल ही में सरकार ने मुफ्त बिजली योजना शुरू की है। जिनमें किसानों का नलकूप का बिल फ्री किया गया है। एसई रामकुमार ने बताया कि मुफ्त बिजली का लाभ लेने के लिए किसानों को 31 मार्च 2023 तक का बकाया बिल जमा करना होगा। यही नहीं छूट उन किसानों को ही मिल सकेगी, जिन्होंने अपने नलकूप पर बिजली मीटर लगवाए हुए हैं।
जिले में सिर्फ 3 हजार 46 किसानों ने ही बिजली मीटर अपने नलकूपों पर लगवाए हुए हैं, बाकी बिना मीटर के ही बिजली फूंक रहे हैं। जिले में किसानों पर 151 करोड़ रुपये बकाया भी है। एसई रामकुमार का कहना है कि किसानों को जागरूक किया जा रहा है कि वह बकाया जमा करने के साथ ही अपने यहां पर मीटर जरूर लगवा लें, वरना योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। तीन दिनों में 500 किसानों ने बिजली मीटर लगवाने के लिए आवेदन किया है।
पूरी तरह फ्री नहीं मिलेगी बिजली, इस तरह मिलेगी छूट
एसई के अनुसार 10 हॉर्सपावर पर किसानों को 140 यूनिट प्रति केवी प्रतिमाह की छूट मिलेगी। यानी 10 एचपी पर कुल 1045 यूनिट प्रतिमाह की छूट मिलेगी। इससे अधिक खपत पर रीडिंग के अनुसार खर्च करना होगा। इसके अलावा निर्धारित सीमा तक बिजली खपत पर फिक्स चार्जेज में 100 फीसदी और अधिक बिजली खपत करने पर सिर्फ 50 फीसदी की छूट मिलेगी।
जानिए.. कहां पा सकते हैं छूट
एक्सईएन रविंद्र प्रकाश के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अपना पंजीकरण यूपीपीसीएलडॉटओआरजी वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। जिस पर छूट संबंधी सूचनाएं ऑनलाइन प्रदर्शित होगी। इसके अतिरिक्त उपभोक्ता किसी भी विभागीय खंड, उपखंड, जन सेवा केंद्र में जाकर भी छूट की सूचना प्राप्त कर सकता हैं और पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के समय ही उपभोक्ताओं को अपने शेष बकाया को एक साथ अथवा किश्तों में जमा करने के विकल्प का चयन करना होगा। पंजीकरण कराते समय बकाया की 30 प्रतिशत धनराशि जमा करनी होगा।
इसके बाद तीन किश्तों में इस तरह मिलेगा लाभ
पहला, यदि उपभोक्ता बकाया का एकमुश्त भुगतान निश्चित समय में करता है तो उसे ब्याज, विलंब अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
दूसरा, यदि उपभोक्ता समस्त बकाया का भुगतान तीन मासिक किश्तों में करने का विकल्प चुनता है तो ब्याज और विलंब अधिभार में 90 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
तीसरा, यदि उपभोक्ता समस्त बकाया का भुगतान 6 मासिक किश्तों में करने का विकल्प चुनता है तो 80 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
इन तारीख तक जरूर जमा कर दे बकाया किश्त
पहली किश्त 31 जुलाई तक
दूसरी किश्त 31 अगस्त तक
तीसरी किश्त 30 सितंबर तक
जिले के किसान नलकूपों पर बिजली मीटर लगवाने को गंभीर नहीं है। हालांकि, अब योजना का लाभ लेने के लिए किसान मीटरों के लिए आवेदन कर रहे हैं। मीटर लगवाने वाले किसानों को ही योजना का लाभ मिल सकेगा। किसानों से अपील है कि 31 मार्च 2023 तक का बकाया जल्द जमा कर योजना का लाभ लें। योजना की जानकारी देने के लिए शिविर भी लगाए जाएंगे। - रामकुमार, एसई