संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। प्राचीन बाला सुंदरी देवी मंदिर में हुई लाखों की चोरी का 36 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। हालांकि इसके लिए एसओजी व सर्विलांस समेत आठ टीमें लगाई हैं।
चोरों ने प्राचीन बाला सुंदरी देवी मंदिर को सोमवार रात निशाना बनाया था। उन्होंने गेट उखाड़कर तथा ताले तोड़कर चांदी के 45 छत्र, एक मुकुट तथा सोने का एक छत्र चोरी कर लिया। इसकी जानकारी पाकर एएसपी ओपी सिंह डॉग स्क्वॉयड व फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं, पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। पुलिस ने पुजारी पंडित अशोक कुमार की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसओजी व सर्विलांस समेत पुलिस की आठ टीमों को लगाया गया है। हालांकि पुलिस को सुराग नहीं लग सका है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान का कहना है कि घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों से पूछताछ
एसओजी व अन्य टीमें रातभर कोतवाली में डेरा डाले रहीं। पुलिस का संदेह पूर्व में चोरी की घटनाओं में लिप्त बदमाशों पर है। इसके चलते पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक संदिग्ध युवकों को उठाया तथा गहनता से पूछताछ की। यह वारदात पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। वहीं, कैराना में मराठा कालीन प्राचीन देवी मंदिर खासा महत्व रखता है। यहां दूरदराज से श्रद्धालु पहुंचकर मनोकामनाएं मांगते हैं।