कैराना (शामली)। दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा के विचाराधीन मुकदमे के बावजूद युवक दूसरा निकाह करने जा रहा था। पहली पत्नी व उसके मायके के लोग पुलिस में शिकायत करने आए तो रास्ते में पति व उसके साथियों ने उनसे मारपीट की। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो आरोपियों को हिरासत लिया है।
जनपद सहारनपुर के थाना गंगोह के गांव हमजागढ़ निवासी मोमीना का निकाह करीब नौ साल पहले थाना नकुड़ के गांव कपुरी निवासी युवक के साथ हुआ था। मोमीना के तीन बच्चे है। मोमीना ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि करीब दो साल पहले उसे दहेज की खातिर घर से निकाल दिया था। जिसका कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। उसे पता चला कि उसका पति शुक्रवार को गांव तीतरवाडा में दूसरा निकाह करने के लिए बरात लेकर जा रहा है। जिस पर वह परिजनों के साथ कैराना कोतवाली पहुंची। पुलिस ने उन्हें तीतरवाड़ा पुलिस चौकी पर जाने के लिए कहा। वह परिजनों के साथ तीतरवाड़ा पुलिस चौकी जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में उसके पति ने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। जिससे वह घायल हो गई। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।