गढ़ीपुख्ता। सींगरा गांव निवासी एक महिला ने अपने पति पर पहले से ही शादीशुदा होने और विरोध करने पर पूर्व पत्नी के पुत्र व पति पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी है। पीड़िता ने पति व अन्य परिजनों से जान का खतरा भी जताया है।
गांव सींगरा निवासी हनीफा ने रविवार को गढ़ीपुख्ता थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसने सींगरा गांव के ही युवक के साथ 28 जुलाई 2021 को कोर्ट मैरिज की थी। युवक गढ़ीपुख्ता थाने में पीआरडी का जवान बताया जाता है। पीड़िता ने बताया कि कोर्ट मैरिज करने के बाद उसे पता चला कि उसके पति पहले ही शादीशुदा है, जब उसने इसका विरोध किया तो पति व पहली पत्नी के पुत्र ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की जिसमें वह घायल हो गई। महिला ने बताया कि युवक से उसके दो बच्चे हैं। आरोप है कि शनिवार की रात भी पति ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसकी बेटी को उससे छीन लिया और घर से निकाल दिया।
पीड़िता का कहना है कि पति उसे करीब तीन माह से घरेलू खर्च भी नहीं दे रहा है। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चे को पाल रही है, लेकिन पति उसकी मजदूरी के पैसे भी छीन लेता है। पीड़िता ने पति व उसके अन्य परिजनों से जान का खतरा जताते हुए सुरक्षा व कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।