- आवासीय विद्यालय में छात्र के साथ कुकर्म का मामला
- डीएम ने भी प्रोबेशन अधिकारी और बाल कल्याण समिति को दिए जांच के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आवासीय विद्यालय में कक्षा सात के छात्र के साथ कुकर्म मामले में स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गई है। घटना के बाद विद्यालय के लखनऊ के अधिकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
इस पूरे मामले का ब्योरा तलब किया गया है। माना जा रहा है कि 22 दिन तक कुकर्म का पता नहीं चलने और स्कूल में अन्य सुविधाएं नहीं होने, सीसीटीवी खराब रहने आदि की यदि गंभीरता से जांच की जाती है, तो स्कूल प्रबंधन और अन्य पर भी गाज गिर सकती है। सूत्रों का कहना है कि घटना के बावजूद आलाधिकारियों को भी मामले की जानकारी नहीं दी गई थी। डीएम रविंद्र सिंह का कहना है कि इस मामले की जांच के लिए जहां एक कमेटी बनाई गई है। प्रोबेशन अधिकारी और बाल कल्याण समिति को भी मामले की जांच सौंपी गई है। कहा गया है कि देखें कि विद्यालय में बच्चों के लिए किस तरह की सुविधाएं हैं, सीसीटीवी की क्या स्थिति है, आखिर क्यों 22 दिन तक विद्यालय प्रशासन को मामले का पता नहीं लगा। हालांकि, प्रधानाचार्य का कहना है कि मामले का पता लगते ही अधिकारियों को अवगत करा दिया गया । तुरंत ही रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। छात्र के परिजनों काे भी सूचना दी गई थी।