कैराना। भांजे के हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया। पुलिस कस्टडी रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को पुन: कोर्ट में पेश कर दिया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
31 अगस्त 2023 को गांव भैंसवाल निवासी हारुन ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 माह पूर्व उसका पुत्र कय्यूम अब्दुल्ला कैराना के इस्लामनगर में अपने मामा आबिद के पास ट्रक चलाना सीखने के लिए आया था, जिसके बाद से उसके पुत्र का पता नहीं चला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच की तो पता चला कि दो माह पहले 13 हजार रुपये चोरी करने के शक में मामा आबिद व उसकी पत्नी साहिना, दूसरे मामा आरिफ ने कय्यूम अब्दुल्ला की डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। साथ ही दो माह तक शव को घर में ही रखा। बाद में शव को यमुना में बहा दिया था। उस समय पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कई दिन तक यमुना में बहाए गए युवक के शव की तलाश की थी, लेकिन शव आज तक नहीं मिला। पुलिस ने हत्या के आरोप में आबिद व उसके भाई आरिफ, पत्नी साहिना को गिरफ्तार करके चालान कर दिया था। तीनों मुजफ्फरनगर जेल में बंद हैं। बुधवार सुबह 10 बजे पुलिस ने अदालत से आदेश प्राप्त करके आरिफ को 7 घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया। बाद में आरिफ की निशानदेही पर उसके ही घर से आला ए कत्ल डंडा बरामद किया गया।