-शामली ब्लॉक के बलवा, खेडीकरमू व कांधला ब्लॉक के भभीसा गांव में ग्राम चौपाल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली/कांधला। शामली ब्लॉक के बलवा, खेडीकरमू व कांधला ब्लॉक के भभीसा गांव में ग्राम चौपाल का आयोजन कर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सभी से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
ब्लॉक शामली के ग्राम खेड़ीकरमू और बलवा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल में बीडीओ पुनीत कुमार, आपूर्ति इंस्पेक्टर रजनी चौधरी, सहायक विकास अधिकारी कृषि रविंद्र कुमार, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता आनंद ठाकुर ने गांव में कराए गए विकास कार्यों के बारे में बताया। विकास कार्यों की पुस्तिका पढ़कर सुनाई गई, जिसके बाद गांव में हुए विकास कार्यों की ग्रामीणों ने पुष्टि की। बीडीओ पुनीत कुमार ने विकासखंड में संचालित लाभार्थी परियोजनाएं, पेंशन ,सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण ,मुख्यमंत्री आवास योजना के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी गई और उसके बाद वहां आह्वान किया कि केवल पात्र व्यक्ति ही आवेदन करें और सभी योजनाओं के लाभार्थियों को आधार सीडिंग कराने का अनुरोध भी किया।
वहीं कांधला ब्लॉक के गांव भभीसा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। एडीओ आईएसबी संदीप कुमार ने ग्रामीणों को सरकार की चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम भभीसा में 18 स्वयं सहायता समूह चल रहे हैं। प्रत्येक स्वयं सहायता समूह को सरकार एक लाख 27 हजार पांच सौ रुपये दे रही है। उक्त रुपयों से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं अपने हाथों से उत्पाद बनाकर अपनी आय में बढ़ोतरी कर सकेगी। गांव में बने शौचालयों और निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार के द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, विकलांग पेंशन और विधवा पेंशन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि बाल सेवा योजना के अंतर्गत 1 मार्च 2020 के बाद कोरोना काल में पति या पत्नी की मृत्यु होने के पश्चात मृतक के दो बच्चों को सरकार चार हजार रुपए की सहायता राशि दी जा रही है। ब्लाक प्रमुख डॉ. विनोद मलिक ने ग्रामीणों को सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इस मौके पर ग्राम प्रधान हरेंद्र कुमार, एडीओ पंचायत सतीश कुमार, मास्टर रणबीर, राजेंद्र, सुरेश, कृष्णपाल और तेजपाल सहित आदि मौजूद रहे।