कांधला। एसडीएम कैराना के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने क्षेत्र के गांव मलकपुर में पहुंचकर कब्रिस्तान की भूमि की पैमाइश करने के बाद कब्जा मुक्त कराया। टीम ने मौके पर निशानदेही भी की।
थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी कौशर ने एसडीएम कैराना निकिता शर्मा को शिकायत करते हुए बताया कि गांव में लगभग 41 बीघे का कब्रिस्तान है। आरोप है कि कब्रिस्तान की भूमि पर गांव के ही कई लोगों ने कब्जा कर रखा है। वह कब्रिस्तान की भूमि को अपनी कृषि भूमि में मिलाकर फसल की पैदावार कर रहे हैं। एसडीएम कैराना निकिता शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हल्का लेखपाल छाया को कब्रिस्तान की पैमाइश कराने के साथ ही कब्रिस्तान की भूमि को कब्जा मुक्त कराने के आदेश दिए थे। बृहस्पतिवार को लेखपाल छाया क्षेत्र के गांव मलकपुर पहुंची और कब्रिस्तान की भूमि की पैमाइश करने के बाद निशानदेही करते हुए कब्रिस्तान की भूमि को कब्जा मुक्त कराया। कब्जाधारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा से कब्जा करने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।