शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में गांव कुड़ाना-काबड़ौत मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर युवक से बाइक व नगदी लूट ली। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
गांव काबड़ौत निवासी अरविंद कुमार रविवार शाम को बाइक पर सवार होकर भौराकलां से अपने घर लौट रहा था। जब वह रास्ते में गांव कुड़ाना से काबड़ौत वाले मार्ग पर पहुंचा तो ईख के खेत से निकले दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर रोक लिया और उसकी बाइक और करीब 500 रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने इस घटना में दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ चल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।