शामली। गर्म हवाओं से लोग दिनभर हलकान रहे। गर्मी से अभी राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार बादलों की आवाजाही तो होगी, लेकिन तापमान में कमी की उम्मीद नहीं है।सोमवार को तीखी धूप के बीच गर्म हवाओं ने लोगों को और परेशान किया। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने स्कूली बच्चों को परेशान किया। लोग चेहरे पर कपड़े लपेट कर घरों से बाहर निकले। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार आने वाले कुछ दिन बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी होगी। संवाद
उमस भरी गर्मी के बीच बिजली का संकट भी गहराता जा रहा है। मई के महीने से ही बिजली की मांग बढ़ने से ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में ट्रांसफार्मर, जंपर, केबल और पैनल बॉक्स में खराबी की शिकायतें आ रही हैं। कई मोहल्लों में पूरे दिन में 8-10 बार बिजली ट्रिप हो रही है। साथ ही रात में भी बिजली ट्रिपिंग से जूझना पड़ता है। कभी कभी तो बिजली पांच मिनट के भीतर ही बहाल हो जाती है लेकिन कई बार बिजली आने में घंटों लग जाते हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार छोटे-छोटे फाल्ट के कारण बिजली गुल होती है और आमजन को परेशानी झेलनी पड़ती है। संवाद
शामली धूप से बचाव के लिये सिर पर चुनरी रख कर गुजरती छात्रा