संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कंडेला औद्योगिक आस्थान में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से तैयार जिला उद्योग केंद्र कार्यालय का निर्माण कार्य पूरे छह माह पहले ही पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक भवन का औपचारिक हैंडओवर नहीं हो सका है। विभाग अब हैंडओवर समिति की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। यूपीएसआईडीसी द्वारा दो मंजिला जिला उद्योग केंद्र भवन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया था। निर्माण पूरा होने के बाद विभाग ने इसकी सूचना उद्योग उपायुक्त जैस्मिन फौजदार को भेज दी थी। उपायुक्त ने ठेकेदार से भवन का नक्शा और डिजाइन मांगा था, जो अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। मामला अब कानपुर निदेशालय को भेजा जा चुका है। निदेशालय से प्राप्त निर्देश के बाद उद्योग आयुक्त अंजू चौधरी के आदेश पर हैंडओवर समिति गठित की गई है।
जिला उद्योग केंद्र प्रबंधक रविंद्र ने बताया कि समिति की रिपोर्ट इसी सप्ताह उपायुक्त को भेज दी जाएगी।