बाबरी (शामली)। क्षेत्र के गांव करौंदा हाथी में मजदूरी के लिए आए झारखंड के एक मजदूर का शव शौचालय में मिला। पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचना दे दी है।
थाना बाबरी क्षेत्र के गांव करौंदा हाथी में रगदा (40) पुत्र मुंशी और बाबूराम मुरमू निवासी किशनपुर बोरमो जनपद साहिबगंज, झारखंड से किसान नरेश के यहां मजदूरी करने के लिए आए थे। मंगलवार रात करीब 12 बजे रगदा घर के बाहर बने शौचालय में गया था। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो उसके साथी ने रोशनदान झांककर देखा तो रगदा का शव अंगोछे से फंदे पर लटका दिखाई दिया। बाबरी पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई तथा मजदूर के शव को फंदे से उतारा। मृतक के साथी बाबूराम मुरमू ने इत्तेफाकिया तहरीर दी है। थानाध्यक्ष बाबरी का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।