झिंझाना। चौसाना क्षेत्र में एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में चार बदमाशों के मारे जाने के मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। टीम ने चौसाना चौकी पर खड़ी बदमाशों की कार की भी जांच की। करीब तीन माह पहले गांव उदपुर में एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश मुस्तफा उर्फ कग्गा गैंग के एक लाख रुपये के इनामी बदमाश अरशद निवासी गांव बाढ़ी माजरा जिला सहारनपुर समेत चार बदमाश मारे गए थे। मुठभेड़ में घायल हुए एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार उपचार के दौरान शहीद हो गए थे। इस घटना की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। सोमवार को क्राइम ब्रांच की टीम, सीओ कैराना और झिंझाना थाना प्रभारी और एसटीएफ के इंस्पेक्टर आदि ने मुठभेड़ स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। गोलीबारी के निशान, बदमाशों की मूवमेंट और फायरिंग की दिशा को चिह्नित किया। टीम ने चौसाना चौकी में खड़ी बदमाशों की कार की भी फोरेंसिक जांच की गई। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि मुठभेड़ की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। विवेचना और साक्ष्य संकलन के लिए क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर गई थी। संवाद