शामली जिले की महिलाओं में भी धीरे-धीरे वाहन चलाने का क्रेज बढ़ रहा है। पिछले तीन सालों की यदि बात की जाए तो जिले की 1031 महिलाओं ने लाइसेंस बनवाए हैं। हालांकि, पुरुषों की संख्या महिलाओं के मुकाबले कहीं अधिक हैं। तीन साल में 27389 पुरुषों ने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए हैं। ट्रैफिक नियमों का बार-बार उल्लंघन करने पर 220 चालकों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं। आरटीआई कार्यकर्ता पवन कुमार तिवारी ने शामली के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शामली से इस संबंध में सूचना मांगी थी।
ओवर स्पीड, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और ड्रंक एंड ड्राइव के मामले ज्यादा
आरटीआई के तहत उपलब्ध सूचना के अनुसार, जिले के वाहन चालक ओवरस्पीड, ओवर लोडिंग, नशे में गाड़ी चलाना, मोबाइल पर बात करते समय वाहन चलाना जैसे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं। जिसके कारण वर्ष 2021 से लेकर 2023 तक जिले में 220 धारकों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं। चौथी बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन मिलने पर निलंबन की कार्रवाई की जाती है।
जिले में पिछले तीन साल में बने 28, 420 ड्राइविंग लाइसेंस
जिले में वर्ष 2021 से लेकर 2023 तक कुल 28420 ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए हैं। जिनमें 1031 महिलाएं और 27389 पुरुष शामिल हैं। वर्ष 2021 में जहां 423 महिलाओं ने लाइसेंस बनवाए। वहीं, वर्ष 2022 में 410 और वर्ष 2023 में अभी तक 200 से अधिक महिलाओं के लाइसेंस बनाए जा चुके हैं।
ओवर स्पीड के आते हैं सबसे अधिक मामले
एआरटीओ रोहित राजपूत ने बताया कि शामली में सबसे अधिक मामले ओवर स्पीड के आते हैं। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने से भी लोग बाज नहीं आ रहे, जिसके कारण हादसों का शिकार हो जाते हैं। वाहन चालकों से अपील है कि वह ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि हादसों से बचा जा सके। परिवार में घर पर हर समय परिवार के सदस्य इंतजार करते हैं। अभियान चलाकर भी वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है।
वाहन चलाते समय इन नियमों का पालन जरूरी
हमेशा सीटबेल्ट पहनें
गाड़ी चलाते समय सड़क पर रखें ध्यान
गति सीमा को पार न करें
ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें
शराब पीकर वाहन न चलाएं
ट्रैफिक सिग्नल को फॉलो करें
अपनी लेन में चलें
वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें