शामली। शामली में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना संक्रमित युवक के सैंपल की दूसरी जांच रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है। इसके अलावा असम के 13 जमाती सहित 17 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है। कस्बा कैराना निवासी युवक 15 मार्च को दुबई से अपने घर लौटा था। स्वास्थ्य टीम ने युवक में कोरोना के लक्षण मिलने पर 20 मार्च को सैंपल लेकर जांच को लखनऊ भेजे गए थे। लखनऊ से जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर युवक को 24 मार्च में शामली सीएचसी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। 2 दिन पहले युवक का सैंपल दूसरी बार जांच के लिए मेरठ भेजा गया था। सीएमओ संजय भटनागर ने बताया कि युवक के दूसरी बार सैंपल की जांच रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है। 4 दिन पहले भी युवक की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। दो बार जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर यह तय हो गया है कि अब वह स्वस्थ है। हालांकि एहतियात के तौर पर उसे अभी आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। सीएमओ का कहना है की विदेश से लौटने के 21 दिन तक आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा, ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण फिर होने की किसी तरह की गुंजाइश न रहे। शुक्रवार को युवक को 18 दिन हो गए हैं। 21 दिन पूरे होने पर उसे डिस्चार्ज किया जाएगा। इसके बाद भी वह घर क्वॉरेंटाइन में रहेगा ताकि उसे या उसके परिवार के किसी सदस्य को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो सके। सीएमओ ने बताया कि इस युवक के अलावा 17 अन्य लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इन 17 लोगों में 13 असम के जमाती भी हैं, जो शामली की एक मस्जिद में मिले थे। सभी को फिलहाल कवरन्टीन में ही, जो जहां पर है वहीं रहने की सलाह दी गई है।