संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। मूसलाधार बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया। बृहस्पतिवार देर रात से सुबह तक जोरदार बारिश हुई। जिससे शहर के गली मोहल्ले, बाजार पानी से लबालब हो गए। व्यापारी अपनी दुकानों को पानी भरने से बचाने की मशक्कत करते रहे। बारिश बंद होने के घंटों बाद पानी उतर सका। बारिश के चलते स्कूली बच्चों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
नेहरू मार्केट में घुटनों तक पानी भर गया। माजरा रोड, कैराना रोड, कबाड़ी बाजार, शुगर मिल रोड, एमएसके रोड से संबद्ध सभी रास्ते जलमग्न हो गए। सुबह आठ बजे व्यापारी बाजार में पहुंचने शुरू हुए तो दुकानों के चबूतरों तक पानी था। इसके बाद व्यापारी बाल्टियां लेकर पानी निकालने में जुट गए। उनका कहना था कि हर साल बारिश में यही हाल होता है। दुकानों में पानी घुस जाता है परंतु पालिका ध्यान नहीं देती है। भिक्की मोड़ से बैंड मार्केट बड़ी आल मोहल्ले तकजलभराव था। बारिश बंद होने के बाद भी पानी निकलने में काफी समय लगा। भिक्की मोड़ तिराहे से माजरा रोड पर टेलीफोन एक्सचेंज रोड मोड़ तक सड़क जलमग्न थी।
बरखंडी में घुटनों तक पानी
मोहल्ला बरखड़ी में घुटनों तक पानी भर गया। कुछ स्कूली छात्र बैग लिए खडे़ थे। जलभराव की वजह से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। इसी बीच ई-रिक्शा वाला आया तो कई छात्र उसमें चढ़ गए लेकिन पानी भरा देख ई-रिक्शा वाले ने भी जाने से इनकार कर दिया। तेज बारिश के बाद कलंदर शाह मोहल्ले में नालियों का पानी सड़क पर आ रहा था।
बारिश से किसान खुश
कई दिन से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे। धान की रोपाई का सीजन के चलते बारिश किसानों के लिए वरदान बनकर आई। किसानों का कहना है कि कई दिन से अच्छी बारिश का इंतजार था। पिछले कई दिन से बादल निराश करके चले जाते थे।
वर्जन
तेज बारिश की वजह से पानी भरा था। इसे निकलने में वक्त लगता है। बारिश बंद होने के करीब डेढ़ घंटे में पानी निकल गया। इसके बाद कहीं से भी जलभराव आदि की सूचना नहीं आई। बरसात में सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं।-सुरेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका