जलालाबाद सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
जलालाबाद। कस्बे की पुलिस चौकी के पास सोमवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। कार चालक बाइक सवार को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में बाइक सवार कपड़ा व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पास में ही लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गया। वहीं पुलिस ने शव को वहां से ई-रिक्शा मेें ले जाने में अमानवीयता दिखाई।
गांव उमरपुर निवासी योगेश कश्यप ( 35 वर्ष) पुत्र सोमबीर कश्यप की जलालाबाद में कपड़े की दुकान है। सोमवार को योगेश अपने गांव उमरपुर से जलालाबाद दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान जलालाबाद में पुलिस चौकी के पास पीछे से आ रही एक कार ने योगेश की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद योगेश बाइक से कई फुट ऊपर तक उछलकर कार के शीशे और बोनेट से टकराया। दुर्घटना के बाद भी कार चालक ने कार की गति बढ़ा दी जिसमें वह व्यापारी को कई मीटर घसीटते हुए ले गया। इस दौरान एक रेहड़ा भी कार की चपेट में आ गया। रेहड़ा क्षतिग्रस्त होने के साथ इसके चालक अय्यूब को चोटें आई।
योगेश के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार और चालक के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
अमानवीयता : ई रिक्शा में शव के पैर और सिर सड़क पर लटके रहे
मृतक योगेश ने भगवा कलर की टी शर्ट और पेंट पहन रखी थी। दुर्घटना के बाद अफवाह फैल गई कि हादसे में कांवड़िये की मौत हो गई है। किसी बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत राहगीरों की मदद से योगेश के शव को ई रिक्शा से सीएचसी थानाभवन पहुंचाया। इस दौरान पुलिस ने इस मामले में शव की पूरी तरह से बेकद्री की। ई रिक्शा में उसके पैर और सिर सड़क पर लटकता रहा। ई रिक्शा के आगे पुलिस की जीप भी जा रही है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसपी ने मामले की जांच कराने की बात कहीं है।