शामली, कैराना। बुच्चाखेड़ी गांव में करंट की चपेट में आने से किशोर विजय की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव बुच्चाखेड़ी निवासी नाथी के मकान पर गत दिनों लिंटर लगा था। बुधवार शाम करीब सात बजे नाथी का करीब 17 वर्षीय पुत्र विजय लिंटर पर सबमर्सिबल के पाइप से पानी चला रहा था। बताया जा रहा है कि तभी किशोर वहां विद्युत करंट की चपेट में आ गया, जिस कारण वह झुलस गया। हादसे से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन उसे चिकित्सक के यहां ले गए, जिसे मृत घोषित कर दिया गया।सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा हादसे के संबंध में जानकारी हासिल की। पुलिस का कहना है कि करंट लगने से किशोर की मौत हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।