फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वित्तविहीन शिक्षकों ने मुंडन कराकर जताया रोष

Sat, 24 Mar 2018 12:22 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ शामली
विज्ञापन
शामली के आरके इंटर काॅलेज में धरने के दौरान मुंडन कराते वित्तविहीन शिक्षक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शामली में माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा की जनपद इकाई का विभिन्न मांगों को लेकर सातवें दिन भी मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार जारी रहा। शिक्षकों ने सरकार के प्रति रोष जताते हुुए सिर का मुंडन कराया और समान कार्य व समान वेतन की मांग के लिए मुख्यमंत्री को भेजने के लिए खून से पत्र लिखा। वहीं, महिला शिक्षकों ने कुछ वित्तविहीन शिक्षकों द्वारा किए जा रहे मूल्यांकन पर नाराजगी जताई और कमरों में पहुंचकर उन्हें चूड़ियां देकर नसीहत दी। आरके इंटर कॉलेज में चल रहे मूल्यांकन का बहिष्कार कर वित्तविहीन शिक्षकों का मानदेय सहित अन्य मांगों को लेकर धरना जारी है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने के बाद शुक्रवार को शिक्षकों ने अपनी मांग पूरी कराने के लिए नाई को बुलाकर अपने सिर का मुंडन कराते हुए सरकार के प्रति रोष जताया। इसके साथ ही सभी शिक्षकों ने समान कार्य समान वेतन की मांग के लिए मुख्यमंत्री को भेजने के लिए खून से पत्र लिखा। जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार ने बताया कि इस पत्र को मुख्यमंत्री तक भाजपा की जिला कार्यकारिणी, जन प्रतिनिधि के माध्यम से भेजा जाएगा। इसके लिए शनिवार दोपहर 12 बजे तक धरना स्थल पर भाजपा जनप्रतिनिधि के आने का इंतजार किया जाएगा। न आने पर यह पत्र जिला कार्यालय पर दिया जाएगा। वहीं माध्यमिक वित्तविहीन प्रधानाचार्य महासभा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाल सिंह राणा ने धरना स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि जब तक समान कार्य के लिए समान वेतन नहीं मिलेगा तब तक धरना और मूल्यांकन का बहिष्कार जारी रहेगा। प्रदेश संगठन मंत्री रामपाल सिंह जांगड़ा ने कहा कि धरने को सातवां दिन है, लेकिन अभी तक सरकार का कोई भी जन प्रतिनिधि धरना स्थल तक नहीं पहुंचा जो बेहद खेद का विषय है। इसके साथ ही शिक्षिका सरोज बाला, सितारो, संतोष, रेनू, अंजू, रजनी, सपना तोमर, सीमा सहरावत, पारुल एवं सीमा ने कुछ वित्तविहीन शिक्षकों द्वारा मूल्यांकन कार्य करने पर कमरों में पहुंचकर उन्हें हाथों से निकालकर चूड़ियां देते हुए नसीहत दी। इस दौरान गुड़िया, उपासना, रेणूका, कुलदीप, उधल सिंह, श्रीचंद, रामनाथ, संजय, प्रवीण सैनी, घनश्याम, राजेश, रविंद्र, रविता, सतीश आत्रेय आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें