शिक्षक अजय तोमर राज्य आईसीटी पुरस्कार से सम्मानित
कांधला। क्षेत्र के ग्राम किवाना स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-दो के प्रधानाध्यापक अजय तोमर का राज्य आईसीटी पुरस्कार-2021-22 के लिए चयन हुआ। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मुजफ्फरनगर के प्राचार्य संजय कुमार रस्तोगी ने उन्हें सम्मानित किया।
प्रधानाध्यापक अजय तोमर ने जनपद शामली की ओर से लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय साक्षात्कार में प्रतिभाग कर अपने शैक्षिक कार्यों का प्रस्तुतीकरण दिया था। अजय तोमर को जिले के उत्कृष्ट अध्यापकों में शुमार किया जाता है। वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण लॉकडाउन की अवधि में भी उन्होंने विद्यालय के बच्चों के लिए ऑनलाइन गृह शिक्षण और मूल्यांकन की व्यवस्था करके उनके पढ़ाई को जारी रखने में सहयोग किया था। इसके अतिरिक्त बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित ऑनलाइन आईसीटी वर्कशॉप में जनपद के शिक्षकों को आईसीटी में प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम का संचालन डायट प्रवक्ता राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम में प्रवक्ता शिवप्रसाद मौर्य, विकास कुमार, जितेंद्र कुमार, श्रीपाल, मोहम्मद यामीन, सहायक अध्यापक कपिल कुमार, सचिन कालखंडे, शालू कुमार, मनोज वर्मा, अनुज कुमार आदि शामिल रहे।