शामली। ड्रग इंस्पेक्टर ने शामली में चार मेडिकल स्टोरों पर पहुंचकर निरीक्षण किया और एंटीबायोटिक दवाइयों के नमूने लिए।
शनिवार दोपहर को जनपद का अतिरिक्त प्रभार देख रहे सहारनपुर के ड्रग इंस्पेक्टर संदीप कुमार शामली पहुंचे। उन्होंने शहर में अलग-अलग स्थानों पर चार मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर निरीक्षण किया। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि पहले अस्पताल रोड पर राशि मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर जांच की। यहां से एंटीबायोटिक दवा का नमूना लिया गया। साथ ही फैंसीड्रिल सिरप की सेल-परचेज की जांच की। इसी तरह पालिका बाजार में अपना मेडिकल स्टोर पर जांच की गई। यहां भी एक एंटीबायोटिक दवा का नमूना लिया और फैंसीड्रिल सिरप दवा संबंधी पूरे बिल नहीं मिलने पर दो साल के सेल-परचेज के बिल उपलब्ध कराने को कहा। वीवी इंटर कालेज रोड पर बालाजी मेडिकल स्टोर पर जांच की गई। यहां भी एंटीबायोटिक दवा का नमूना लिया। इसके बाद धीमानपुरा स्थित पुहू मेेडिकल स्टोर पर जांच कर एंटीबायोटिक का नमूना लिया और फैंसीड्रिल सिरप के दो साल के बिल मांगे गए। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि चारों स्टोर संचालकों को बिल उपलब्ध कराने का दो दिन का समय दिया गया है। बताया कि शासन को नारकोटिक्स की दवा फैंसीड्रिल सिरप को चिकित्सक के लिखे हुए पर्चे पर ही बेचा जा सकता है। शासन को शिकायत मिली है कि इस सिरप का दुरुपयोग कर इसे नशे करने में इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी अवैध रूप से बिक्री किए जाने की शिकायत शासन को मिल रही है। शासन के निर्देश पर इसका दुरुपयोग रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई है।