सबमर्सिबल का बोरिंग रुकवाया
शामली, कैराना। बिना अनुमति के कराए जा रहे सबमर्सिबल पंप के बोरिंग को नगर पालिका ईओ ने रुकवा दिया। बृहस्पतिवार को मोहल्ला बेगमपुरा निवासी इकराम अपने खाली प्लाट में मकान के निर्माण के साथ ही सबमर्सिबल के लिए मशीन से बोरिंग करा रहे थे। सूचना पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमराज पुंडीर व इमाम बाबू मौके पर पहुंचे तथा एनजीटी के आदेशों का हवाला देते हुए बोरिंग कराने की अनुमति दिखाने को कहा। अनुमति नहीं दिखाने पर नगर पालिका ने बोरिंग का कार्य रुकवा दिया। बोरिंग करने वाले मजदूर अपना सामान लेकर वापस चले गए। अधिशासी अधिकारी हेमराज पुंडीर ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय केंद्र सरकार व एनजीटी द्वारा आदेश दिए गए हैं कि बिना अनुमति के बोरिंग नहीं किया जाएगा। इसके लिए सक्षम अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि पूर्व में लगाए गए सबमर्सिबल का भी जल्द ही सर्वे शुरू कराया जाएगा।