शामली वीवी डिग्री कॉलेज में छात्रो को टेबलेट न मिलने हंगामा प्रदर्शन करते छात्र
शामली। शहर के वीवी पीजी कॉलेज में एमए अर्थशास्त्र के छात्र-छात्राओं ने टैबलेट और स्मार्टफोन न मिलने पर कॉलेज में प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए धरना भी दिया। मांग पूरी न होने पर विश्वविद्यालय में धरना देने की बात कही।
बृहस्पतिवार को शहर के वीवी पीजी कॉलेज में टैबलेट वितरण कार्यक्रम हुआ। इसी दौरान एमए अर्थशास्त्र के कुछ छात्र-छात्राओं ने टैबलेट न मिलने के कारण कार्यक्रम हॉल के बाहर कॉलेज प्रशासन मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। वहीं सीडीओ विनय कुमार तिवारी को लिखित में मांग पत्र सौंपकर समस्या का हल कराते हुए टैबलेट दिलाने की मांग की। एमए अर्थशास्त्र की छात्रा आकांक्षी, मधु, वृतिका, रुबी, आस्था आदि का आरोप है कि कक्षा के 30 छात्र-छात्राओं से किसी का भी नाम टैबलेट सूची में नहीं है। जबकि एमए हिंदी, अंग्रेजी और राजनीति विज्ञान के प्रथम सेमेेस्टर के सभी छात्र-छात्राओं के नाम सूची में है। वहीं काफी छात्र-छात्राओं को दो-दो बार स्मार्टफोन व टैबलेट मिल चुका है। जबकि उन्हें एक बार भी इसका लाभ नहीं मिला है। उन पर मोबाइल न होने पर पढ़ाई में काफी समस्या हो रही है। छात्र-छात्राओं की मांग है कि उन्हें भी सरकार की इस योजना का लाभ दिलाया जाए। कार्यक्रम समाप्ति के बाद भी सभी छात्र-छात्रा कॉलेज परिसर में धरने पर बैठे रहे और अपनी मांग पर अडिग रहे। छात्र-छात्राओं का कहना है कि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह मां शाकंभरी विश्वविद्यालय पहुंचकर अपनी मांग को लेकर धरना देंगे।
-इन्होंने कहा
हर छात्र-छात्रा को सरकार की इस योजना का लाभ दिया जाना है। छात्र-छात्रा को यूजी व पीजी में से किसी एक कक्षा में इसका लाभ मिलना है। जिन छात्र-छात्राओं को एक बार भी टैबलेट या स्मार्टफोन नहीं मिला है, जानकारी करते हुए सभी को इसका लाभ दिलाया जाएगा।
डाक्टर सुधीर कुमार, प्राचार्य वीवी पीजी शामली।
-सरकार की योजना का लाभ हर छात्र-छात्रा को मिलना जरूरी है। विद्यार्थियों ने समस्या से अवगत कराया है। मामले की जांच कराते हुए जल्द ही सभी को टैबलेट दिलवाने की व्यवस्था कराई जाएगी। -विनय कुमार तिवारी, सीडीओ।