-पॉलिटेक्निक कालेज में दाखिला लेने के लिए बच्चों को जागरूक करेंगे शिक्षक
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी तकनीकी शिक्षा में दक्ष होकर भविष्य संवार सकेंगे। इसके लिए उन्हें तकनीकी शिक्षा वाले कॉलेज में दाखिलाें के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही शिक्षक उन्हें आवेदन करने का तरीका बताते हुए यह भी जानकारी देंगे कि इससे क्या-क्या फायदे हैं और भविष्य कितना सुरक्षित है। 10 जून तक प्रवेश के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेजों में आवेदन होना है।
पॉलिटेक्निक काॅलेज की तरफ छात्राओं का रुझान कम होने से वहां संख्या कम होती जा रही है, जिससे सरकार भी चिंतित है। छात्राएं पॉलिटेक्निक में रुचि न लेकर अन्य कोर्स करने की तरफ ध्यान दे रही हैं। वहीं प्रदेश सरकार द्वारा तकनीकी शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे आगे आएंगे तो उनका विकास होगा। तकनीकी शिक्षा हासिल करने पर रोजगार पाने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए पॉलिटेक्निक कॉलेज को शासन की ओर से आदेश जारी हुआ है कि इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज में जाकर बच्चों को तकनीकी शिक्षा का महत्व समझाएं। इस शिक्षा के हासिल करने से रोजगार की गारंटी कितनी है, इसके बारे में बताएं। साथ ही उन्हें आवेदन करने का तरीका भी बताएं, जिससे प्रवेश के लिए अधिक से अधिक बच्चे आवेदन कर सकें। शासन के आए पत्र को संज्ञान में लेते हुए पॉलिटेक्निक कॉलेज मुंडेट कलां के शिक्षकों की टीम विद्यालयों पर जाकर जागरूक करेगी। छुट्टी की वजह से विद्यालयों से मोबाइल नंबर लेकर उन्हें आवेदन फॉर्म भरने के लिए बता रहे हैं। इस संबंध में महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज मुंडेट कलां के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार ने बताया कि शासन की मंशानुसार विद्यालयों में जाकर टीम जागरूक कर रही है। जिससे अधिक से अधिक बच्चे प्रवेश फार्म भरें।