शामली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा में पहली पाली में हाईस्कूल की वाणिज्य विषय की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में इंटर की कंप्यूटर विषय की परीक्षा हुई। वाणिज्य का प्रश्नपत्र आसान आने पर विद्यार्थी खुश नजर आए।
बृहस्पतिवार को जिले के सभी 36 केंद्रों पर हुई बोर्ड परीक्षा में पहली पाली में सुबह आठ बजे से सवा 11 बजे तक हाईस्कूल की वाणिज्य विषय की परीक्षा हुई। इस परीक्षा में कुल 442 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 431 ने परीक्षा दी और 11 अनुपस्थित रहे। वाणिज्य की परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आए विद्यार्थियों से प्रश्नपत्र को लेकर बातचीत की गई। उनका कहना था कि प्रश्नपत्र को आसान ही कहा जाएगा। जिसने अच्छी तैयारी की थी, उसके लिए प्रश्नपत्र कठिन नहीं था।
छात्रा वंशिका ने बताया कि सभी सवाल एनसीईआरटी किताब से आए थे और निर्धारित पाठ्यक्रम से ही आए थे। उसने परीक्षा की तैयारी अच्छी की थी, इसलिए उसके लिए प्रश्नपत्र आसान रहा। मनीषा ने कहा कि प्रश्नपत्र को न आसान कहा जा सकता और न ही कठिन, जिसने जैसी तैयारी की वह उतने ही अंक पा सकेगा। प्रियांशी ने बताया कि वर्णनात्मक प्रश्नों को हल करने में समय थोड़ा ज्यादा लगा, फिर भी उसने सभी सवालों के उत्तर लिखे हैं। सलोनी ने बताया पाठ्यक्रम के पैटर्न पर ही सभी सवाल आए थे। उसने परीक्षा की पहले से तैयारी की थी, इसलिए प्रश्नपत्र आसान रहा।
दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से सवा पांच बजे तक 11 केंद्रों पर इंटर की कंप्यूटर की परीक्षा हुई। इस परीक्षा में कुल 313 पंजीकृत विद्यार्थियों में 311 परीक्षा में सम्मिलित हुए जबकि दो विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान कोई विद्यार्थी नकल करते नहीं पकड़ा गया।
- 30 विद्यार्थियों ने दी सीबीएसई की परीक्षा
शामली। जिले में बृहस्पतिवार को सीबीएसई इंटर की हिंदुस्तानी संगीत की परीक्षा हुई। सरतीदेवी राजाराम पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर यह परीक्षा सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक हुई। सीबीएसई की जिला समन्वयक आशु त्यागी ने बताया कि इस परीक्षा में कुल 31 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 30 ने परीक्षा दी और एक विद्यार्थी अनुपस्थित रहा।
शामली हिंदू कन्या इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा में छात्राओं के परिचय पत्र चेक करती शिक्षिकाएं।