शामली एसपी कार्यालय में उप मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व तैयार हेलीपैड
शामली। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सहारनपुर मंडल के शामली समेत तीनों जिले की पुलिस और पीएसी बल के एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी व अधिकारी तैनात रहेंगे। एसपी अभिषेक ने पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए उन्हें ड्यूटी व उनके कर्तव्यों का पाठ पढ़ाया।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के शनिवार को शामली पहंचेंगे। मंडल के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जिले के एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और पीएसी बल की हेलीपैड से लेकर कलक्ट्रेट और भाजपा कार्यालय पर ड्यूटी लगाई गई है। शुक्रवार को बाहर के जिलों से आने वाला पुलिस बल भी जिले में पहुंच गया है। एसपी अभिषेक ने माजरा रोड स्थित बैंक्वट हॉल में पुलिसकर्मियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा ड्यूटी पर समय से पहुंचे। अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को सूची व पास देखकर और चेकिंग करने के बाद ही प्रवेश कराएं। इस अवसर पर एएसपी ओपी सिंह, सभी सीओ, थाना प्रभारी मौजूद रहे।
खुफिया विभाग की टीमों को किया गया सतर्क
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम को लेकर खुफिया टीमों ने भी डेरा डाल लिया है। अधिकारियों ने सभी टीमों को सतर्क रहने और हर तरह की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया टीमों को कार्यक्रम स्थल, कलक्ट्रेट और हेलीपैड समेत सभी स्थानों पर सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने की तैयारी, सेफ हाउस बनाएं
स्वास्थ्य विभाग ने डिप्टी सीएम के दौरे को लेकर तैयारी की है। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया जिला अस्पताल और सहारनपुर रोड स्थित गंगा अमृत हॉस्पिटल में सेफ बनाए गए हैं। सेफ हाउस में इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं संबंधी सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध रहने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है।