ग्रेडेड रेस्पोंस एक्शन प्लान का उल्लंघन करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
शामली। एनसीआर और निकटवर्ती क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से संशोधित ग्रेडेड रेस्पोंस एक्शन प्लान एक अक्तूबर से लागू हो चुका है। वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए बुधवार को कलक्ट्रेट के सभागार डीएम जसजीत कौर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। विभागों को वायु प्रदूषण नियंत्रण के संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने नगर पालिका के अधिकारियों को लैंडफिल साइट्स और अन्य स्थानों पर कूड़ा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने, दोषियों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई करने, हैवी ट्रैफिक वाली सड़कों पर समयबद्ध रूप से पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। कहा कि औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को उद्योगों की लगातार निगरानी करने और प्रतिबंधित ईंधन का प्रयोग पूर्णतया बंद कराने के लिए उद्योगों का लगातार निरीक्षण किया जाए। अवैध रूप से संचालित उद्योगों पर कार्रवाई की जाए। परिवहन विभाग के अधिकारियों को प्रदूषण फैला रहे वाहनों का संचालन बंद कराने और उन पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। कहा कि 10 वर्ष पुराने डीजल वाहनों और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल चालित वाहनों को जब्त किया जाए।
उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के निर्माण के चलते उड़ रही धूल की रोकथाम के लिए पानी का छिड़काव कराएं और निर्माण स्थलों पर एंटी स्मॉग गन की व्यवस्था की जाए। शहर में 5,000 वर्गमीटर से अधिक के निर्माणाधीन कार्यों में एंटी स्मॉग गन की स्थापना निर्माण एजेंसियां करेंगी। अनुपालन न करने वाली संस्थाओं के विरुद्ध जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। पराली और फसल के अवशेषों को जलाने से रोकने और इस संबंध में किसानों को जागरूक करने का काम कृषि विभाग करेगा।
विद्यालयों में छात्रों को वायु प्रदूषण के संबंध में जागरूक करने और इस संबंध में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले में विद्युत की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने को विद्युत विभाग को निर्देश दिए, जिससे जनरेटर का प्रयोग कम किया जाए। खनन विभाग को खनन स्थलों का निरंतर निरीक्षण कर धूल उत्सर्जन की रोकथाम के लिए कहा गया।
बैठक में डीएम ने आयोग की ओर से निर्धारित सिटिजन चार्टर का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, एडीएम संतोष कुमार सिंह, एएसपी ओपी सिंह, उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक पर्यावरण अभियंता इमरान अली और विपुल कुमार आदि मौजूद रहे।
शामली कलक्ट्रेट में ग्रेडेड रेस्पोंस एक्शन प्लान के संबंध में बैठक लेती डीएम जसजीत कौर, एडीएम, एए- फोटो : SHAMLI