फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही

Tue, 15 May 2018 12:00 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ शामली
विज्ञापन
रविवार शाम आई आंधी से चौसाना में आंधी से गिरा पेड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शामली में रविवार की शाम आई आंधी और बारिश लोगों के ऊपर कहर बनकर टूटी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आंधी के कारण विद्युत आपूर्ति चरमरा गई। आंधी से होर्डिंग, बैनर, पेड़ और खंभे उखड़ गए। दूसरी ओर, बारिश से आम और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है। आंधी के कारण एक अनुमान के मुताबिक 250 से ज्यादा गांवों की बिजली प्रभावित हुई है। चौसाना में पेड़ और बिजली गिरने से दो कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। सोमवार को हल्की धूप निकली और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धूल भरी आंधी के साथ रविवार शाम छह बजे जमकर बारिश हुई। जहां एक ओर बारिश से लोगों की राहत मिली। वहीं, दूसरी ओर परेशानी का सामना भी करना पड़ा। आंधी के कारण रविवार रात और सोमवार पूरे दिन शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति ठप रही। वहीं होर्डिंग, बैनर उखड़ गए और आम की फसलों की भारी क्षति हुुई। रात में 25 से लेकर 30 किमी प्रति घंटे हवा चली। वहीं, विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता सुनील कपूूर के अनुसार आंधी के कारण जिले के 72 बिजलीघरों के 250 से ज्यादा गांवों में खंभे क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति ठप हो गई है। टीम गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल करने में लगी हुई है। आम, सब्जियों को भारी नुकसान आंधी से बागों में पेड़ों से आम झड़कर गिर गए। लगातार बारिश होने से लौकी, टमाटर, गोभी, तुरई, खीरा, बैंगन आदि सब्जियों को ज्यादा नुकसान पहुंचा। आंधी और बारिश से भैसवाल रोड, पानीपत-खटीमा मार्ग, दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग, मेरठ-करनाल रोड पर होर्डिग, बैनर, भारी संख्या में पेड़ उखड़ गए। कांधला, कैराना, शामली, बाबरी, थानाभवन के बागों में आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। आम के बाग मालिकों के अनुसार पिछले दो माह में आंधी और बूंदाबांदी से आम की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान है। फल झड़ने से 50 प्रतिशत आम को नुकसान पहुंचा है। कम फसल होने से महंगा होगा। करनाल रोड स्थित आम के बाग से आम की फसल को भारी क्षति पहुंची है। बाग के ठेकेदार लियाकत अली ने बताया कि बाग के आम भारी संख्या में झड़कर गिर गए हैं। उधर, जिला उद्यान निरीक्षक सोमपाल सिंह मलिक ने बताया कि धूल भरी आंधी से 30-40 प्रतिशत तक आम की फसलों को नुकसान पहुंचा है। आज भी खराब हो सकता है मौसम कृषि विज्ञान केंद्र शामली के निदेशक डॉ. पीके सिंह ने बताया कि जम्मू-कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ चला है। इस कारण मंगलवार को मौसम खराब रहेगा। आंधी के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश होने से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। बिजली गिरने में दो झुलसे, आंधी में उड़ी टीन झिंझाना।आंधी और बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनी रही। रविवार शाम आंधी के बीच बिजली गिरने से कस्बे में ढाबे पर चाय पी रही महिला और बच्चा झुलस गए। इसके अलावा टीन शेड गिरने से युवक घायल हो गया। कस्बा क्षेत्र में कही विद्युत पोल टूट गए तो कही टीन शेड उखड़ गई। मेरठ-करनाल हाईवे स्थित मोनू के ढाबे पर बिजली गिरने के कारण ढाबे में दो कमरों की छत टीन शेड और छत पर बनाई गई दीवार गिर गई। इसके अलावा बिजली की चपेट में आने से वहां चाय पी रही महिला राखी और उसका ढाई वर्ष का पुत्र शिव झुलस गया। इसके अलावा टीन गिरने से ढाबा मालिक मोनू, मिस्त्री दिलशाद निवासी औदरी, घायल हो गए। आंधी के कारण सींगरा के निकट नाम चर्चा घर की टीन शेड उड़ गई। कस्बे में अलीनगर मार्ग पर नीम का पेड़ जड़ से उखड़ गया तथा बिजली के पोल पर जा गिरा गया। जिस कारण पांच विद्युत पोल टूट गए। कांशीराम आवास के निकट पशुओं के लिए बनाए टीन शेड तेज हवाओं के साथ उखड़ गए। टीन के नीचे वहां खड़े ट्रैक्टर और अन्य सामान नीचे दबने से क्षतिग्रस्त हो गया। करनाल हाईवे पर बिड़ौली में अशोक रावल की दुकानों पर लगी टीन शेड के अलावा किसान शेरसिंह के घेर में खडे़ पापुलर के पेड़ टूटकर गिर गए। गांव बेदखेड़ी निवासी विपिन सैनी के अलावा ब्लाक प्रमुख पति कर्मबीर सिंह के मकान की दीवार बारिश में ढह गई। सभी ने प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर आर्थिक सहायता की मांग की है। अनवरी के परिवार को दी चार लाख रुपये आर्थिक सहायता जलालाबाद। कस्बा जलालाबाद के मोहल्ला बाबूपुरा में आंधी के दौरान छत की चारदीवारी गिरने के कारण हुई अनवरी की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये आर्थिक सहायता दी गई है। रविवार रात कस्बा जलालाबाद के मोहल्ला बाबूपुरा निवासी बशीर अहमद और उनकी पत्नी अनवरी घर के आंगन में बैठी थी। रात करीब सात बजे जब आंधी और बरसात हुई, तो बशीर के मकान की छत की चहारदीवारी गिर गई थी। इस कारण सिर में ईंट लगने पर बशीर की पत्नी अनवरी (55) की मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने शामली तहसीलदार को मौके पर भेजकर जांच करने का निर्देश दिया। सोमवार सुबह तहसीलदार अभयराज पाण्डेय जलालाबाद पहुंचे और घटना के संबंध में जांच करके जिलाधिकारी को रिपोर्ट दी। तहसीलदार अभयराज पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये आर्थिक सहायता दे दी गई है। यह धनराशि अनवरी के पति बशीर अहमद के खाते में ट्रांसफर करा दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें