थानाभवन। ट्रेन में चोरी हुए बैग का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार को बैग बाबरी से बरामद हो गया।
कस्बा जलालाबाद निवासी राहुल बृहस्पतिवार रात को शामली रेलवे स्टेशन पर एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। जिसमें उसने कहा कि वह शामली से अपने घर जलालाबाद जा रहा था। किसी ने ट्रेन में उसका बैग चोरी कर लिया। बैग में उसके जरूरी कागजात थे। साथ ही उसने कहा था कि यदि उसका बैग बरामद ना हुआ तो वह अपनी जान दे देगा। शुक्रवार दोपहर को उसके पास बाबरी के एक युवक का फोन आया। युवक ने बताया कि उसे वह बैग शामली में ही झाड़ियों में पड़ा मिला था। जिसे उठाकर वह अपने साथ ले आया। वीडियो देखने के बाद उसे बैग के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद राहुल को उक्त युवक ने बाबरी बुलाया और सकुशल बैग राहुल के सुपुर्द कर दिया।