फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: प्रदेश सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा, कई वादे अधूरे

विज्ञापन
शामली गांव भैसवाल में ​स्थित स्टेडियम की भूमि
विज्ञापन
फोटो
विज्ञापन

शामली। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा हो गया है। चुनाव से पूर्व भाजपा नेताओं ने कई घोषणाएं की। अपने संकल्प पत्र में भी कई योजना शुरु करने का वादा किया गया। लेकिन अभी भी इनमें से कई योजनाएं धरातल पर उतरी ही नहीं हैं। प्रस्तुत है सरकार की घोषणाओं की पड़ताल पर रिपोर्ट...

पूरा नहीं हो रहा 14 दिन में गन्ना भुगतान का वाद
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में वादा किया था कि 14 दिन में गन्ना मूल्य का भुगतान चीनी मिलों से कराएंगे। 14 दिन बाद ब्याज सहित भुगतान मिलेगा। लेकिन जिले की चीनी मिलों ने पिछले वर्ष का भुगतान ही मार्च माह में किया है। वर्तमान पेराई सत्र का जिले की चीनी मिलों पर कुल 757.06 करोड़ का बकाया है। जिसमें शामली मिल पर 218.40 करोड़, ऊन चीनी मिल 206.14 करोड़, थानाभवन मिल पर 332.51 करोड़ बकाया है।
विज्ञापन

कागजों में उज्ज्वला योजना
गरीब महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार ने उज्ज्वला योजना शुरु की थी। विधानसभा चुनाव से पहले संकल्प पत्र में सरकार ने महिलाओं को होली और दीपावली पर मुफ्त सिलिंडर देने की घोषणा की थी। लेकिन यह योजना अभी तक सिर्फ कागजों में ही है। रसोई गैस के दाम इतने बढ़ गए हैं कि सिलिंडर की बिक्री करीब 30 फीसदी तक घट गई है।
महिलाओं को नहीं मिली मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
सरकार ने अपने संकल्प पत्र में 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा का एलान किया था। लेकिन अभी तक महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिला है। हालांकि रक्षाबंधन और भैयादूज पर सरकार सभी महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा की सौगात जरूर देती है।
छात्राओं को नहीं मिली स्कूटी
कॉलेज जाने वाली छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्कूटी देने का वादा सरकार ने अपने संकल्प पत्र में किया था, लेकिन किसी भी छात्रा को सरकार स्कूटी नहीं दे पाई है।

सामूहिक विवाह योजना का नहीं बढ़ा अनुदान
भाजपा ने सामूहिक विवाह योजना में गरीब परिवार की कन्याओं को एक लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की थी। लेकिन यह धनराशि अभी तक बढ़ाई नहीं गई है। उन्हें अभी भी विवाह के समय 35 हजार रुपये ही मिलते हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार बाकी
सरकार ने छह हजार चिकित्सक और 10 हजार पैरा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की घोषणा की थी। लेकिन अभी भी इनकी नियुक्ति नहीं हुई है। जिला अस्पताल में चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टाफ की कमी है। जिसकी वजह से मरीजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
हर ब्लॉक में क्रिकेट प्रशिक्षण का था एलान
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में हर गांव में जिम, खेल मैदान और हर ब्लॉक में क्रिकेट प्रशिक्षण की व्यवस्था करने का एलान किया था। लेकिन कई गांवों में अभी खेल के मैदान ही नही बने हैं। इसके अलावा किसी भी ब्लॉक में क्रिकेट प्रशिक्षण की व्यवस्था भी नहीं की गई है।
पीएसी कैंप का निर्माण नहीं हुआ शुरु
विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले मुख्यमंत्री ने कैराना में जनसभा कर करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास किया था, लेकिन अभी तक इन घोषणाओं में शामिल गुर्जरपुर की फायरिंग रेंज और ऊंचागांव में पीएसी कैंप का निर्माण शुरु नहीं हो पाया है।
नहीं बन पाए वेंडिंग जोन
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में सभी शहरों में टाउन वेंडिंग कमेटी बनाकर नए वेंडिंग जोन बनाने की घोषणा की थी। लेकिन जिले की सड़कों पर अभी ठेले वाले खड़े होते हैं। अतिक्रमण की वजह से जाम की समस्या बनी रहती है।
अवैध स्टैंड अभी भी बरकार
सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों से अवैध बस और टैक्सी स्टैंड 48 घंटे में हटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। तब अधिकारियों ने अभियान चलाकर अवैध स्टैंड हटाने का दावा किया था। लेकिन अब फिर से अवैध स्टैंडों पर डग्गामार वाहन खड़े होने लगे हैं।
बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नत योजना नहीं हुई शुरू
भाजपा ने बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नत योजना शुरु करने की घोषणा की थी। जिसके तहत हर गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने, गांवों में पक्के ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था कर जल निकासी की समस्या को दूर किया जाना था। हर गांव में बस स्टॉप बनाया जाना था। लेकिन जिले के ज्यादातर गांवों की सड़कें खस्ताहाल में हैं और जलनिकासी की समस्या से कई गांवों के लोग जूझ रहे हैं।
विज्ञापन

सभी स्कूलों में नहीं आया फर्नीचर
भाजपा ने सभी प्राथमिक स्कूलों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बच्चों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। लेकिन अभी भी जिले के कई स्कूलों में फर्नीचर उपलब्ध नहीं है। बच्चों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है।

शामली गांव भैसवाल में स्थित स्टेडियम की भूमि

शामली गांव भैसवाल में स्थित स्टेडियम की भूमि

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें