-सर्वोदय स्कूल में खेल, स्वास्थ्य पर हुई कार्यशाला
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। सर्वोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल कसेरवा कलां में खेल और स्वास्थ्य पर कार्यशाला हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वस्थ रहने के लिए खेल को अच्छा माध्यम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्रीड़ा भारती के विभाग संयोजक व शामली राइफल क्लब के अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने कहा की स्वस्थ होना सिर्फ रोग या दुर्बलता की अनुपस्थिति ही नहीं, बल्कि एक पूर्ण शारीरिक, मानसिक और सामाजिक खुशहाली की स्थिति होती है। खेल हमारे शारीरिक के साथ मानसिक विकास में भी मदद करते हैं। लगातार पढ़ाई के दौरान कई बार तनाव की स्थिति होती है। ऐसे में खेल इस तनाव को दूर करने का बेहतर माध्यम है। वहीं खेल खेलने से बच्चे टीम वर्क, धैर्य रखना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण भी धारण करते हैं, जिसका उनके व्यक्तित्व और पढ़ाई पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य सत्येंद्र सिंह ने कहा कि खेलों से हमारा शरीर स्वस्थ रहता है और हम हर कार्य सही ढंग से कर पाते हैं। खेल से हमारे सोचने की क्षमता भी बढ़ जाती है। सभी प्रकार के कर्तव्य का पालन व सभी प्रकार की स्पर्धाओं को हम तभी जीत सकते हैं, जब हमारा शरीर स्वस्थ होगा। इस अवसर पर अंकित मलिक, विकास कुमार, शिवानी देशवाल, गीता देशवाल, सारिका, आयुष कुमार, स्नेहा चौधरी, साक्षी मलिक, शालू चौधरी, पूजा सिंघल आदि मौजूद रहे।
संजीव शर्मा